मौसम का बदला मिजाज कई राज्यों में बारिश की संभावना | मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
दोस्तों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक महसूस की जा सकती है, क्योंकि पारा 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, लू चलने के आसार नहीं हैं, लेकिन दिनभर तेज़ धूप के साथ गर्म हवाएं लोगों को बेचैन कर सकती हैं। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.2 डिग्री कम रहा। दिन में तेज़ गति से हवाएं चल सकती हैं, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री के आसपास बना रहेगा।साथ ही दोस्तों उत्तर भारत में भी मौसम के मिजाज में तेज़ी से बदलाव देखने को मिल रहा है। विभिन्न राज्यों में अलग-अलग प्रकार की मौसमी परिस्थितियां बनी हुई हैं। कहीं तापमान में जबरदस्त बढ़ोतरी हो रही है, तो कहीं हल्की बारिश और तेज़ हवाओं ने लोगों को राहत दी है। राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश तक मौसम का हाल अलग-अलग रूप में नजर आ रहा है। आइए, विस्तार से जानते हैं कि इन राज्यों में मौसमी परिस्थितियां कैसी बनी हुई हैं और आगे क्या संभावनाएं हैं।
राजस्थान के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी
राजस्थान के मौसम में भी हल्का बदलाव देखने को मिला है। बीते दिन राज्य के कोटा संभाग में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र में सबसे अधिक 2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का रुख
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। कानपुर देहात, मथुरा, हाथरस और एटा जैसे इलाकों में तेज़ गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बाद राज्य में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप एक बार फिर बढ़ सकता है।
उत्तराखंड में बादल छाने के आसार
पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के मौसम में भी परिवर्तन देखने को मिल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, मे कैसे मौसम के मिजाज
बिहार में बीते कुछ दिनों से गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आगामी कुछ दिनों में राज्य के कुछ जिलों में तेज़ हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस बदलाव से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में पिछले दिन तेज़ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। छिंदवाड़ा, मंदसौर, सिवनी और डिंडौरी जैसे क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में इसी तरह के मौसम की स्थिति बनी रह सकती है, जिसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में इन दिनों बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इस वजह से तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर एक बार फिर महसूस किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं, ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को ठंड का अनुभव होगा।
सोर्स मौसम विभाग
👉 यहाँ देखें फसलों की तेजी मंदी रिपोर्ट
👉 यहाँ देखें आज के ताजा मंडी भाव
👉 बासमती के बाजार में क्या है हलचल यहाँ देखें
About the Author
मैं लवकेश कौशिक, भारतीय नौसेना से रिटायर्ड एक नौसैनिक, Mandi Market प्लेटफार्म का संस्थापक हूँ। मैं मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले का निवासी हूँ। मंडी मार्केट( Mandibhavtoday.net) को मूल रूप से पाठकों को ज्वलंत मुद्दों को ठीक से समझाने और मार्केट और इसके ट्रेंड की जानकारी देने के लिए बनाया गया है। पोर्टल पर दी गई जानकारी सार्वजनिक स्रोतों से प्राप्त की गई है।