Movie prime

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों मे बढ़ रहा है गर्मी का प्रकोप | जाने मौसम विभाग ने क्या दी अपडेट

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों मे बढ़ रहा है गर्मी का प्रकोप | जाने मौसम विभाग ने क्या दी अपडेट
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

दोस्तों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अब विकराल रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग ने इस सीजन का पहला 'लू' अलर्ट जारी किया है, जो छह दिनों तक बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और अगले सप्ताह तक किसी भी प्रकार की बारिश या बादलों की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार से हवाओं की रफ्तार भी घटने लगेगी, जिससे गर्मी और तीव्र हो जाएगी। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 22 से 23 डिग्री तक हो सकता है। शुक्रवार को दिल्ली में गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा, जो सामान्य मानकों के भीतर था। आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होगा। 5 से 8 अप्रैल के बीच पारा 39 से 42 डिग्री के बीच रहेगा। 9 और 10 अप्रैल को भी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई देगा। धूप की तीव्रता और तेज गर्मी नागरिकों को सताएगी।

क्या है 'लू' और कब होता है अलर्ट घोषित

मैदानी क्षेत्रों में यदि अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा हो जाए और यह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक हो, तो मौसम विभाग 'लू' घोषित करता है। गंभीर स्थिति तब मानी जाती है जब तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक हो या 45 डिग्री के पार चला जाए। ऐसे में धूप में बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। लोगों को सलाह दी जाती है कि हल्के रंगों के, सूती और ढीले कपड़े पहनें, सिर को टोपी या छाते से ढकें और धूप से यथासंभव बचें।

उत्तर भारत के प्रमुख शहरों का तापमान एक नजर में

देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी का असर अलग-अलग रूपों में नजर आ रहा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम 39 डिग्री दर्ज किया गया। नोएडा 20/41, पटना 24/38, लखनऊ 21/40, जयपुर 23/37, भोपाल 22/37 और मुंबई में 26/36 डिग्री तापमान रहा। अन्य प्रमुख शहरों जैसे फरीदाबाद, प्रयागराज, कोलकाता, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कानपुर और वाराणसी में भी अधिकतम पारा 35 से 39 डिग्री के बीच रहा, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान के अधिकांश भागों में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकतर इलाकों में तापमान 38 से 42 डिग्री तक पहुंच गया है। बीते चौबीस घंटों में बाड़मेर में सर्वाधिक 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में दो से चार डिग्री की और वृद्धि हो सकती है। पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में 5 से 9 अप्रैल तक लू चलने की पूरी संभावना जताई गई है।

केरल में मौसम का बदला मिजाज

जहां एक ओर उत्तर और पश्चिम भारत गर्मी से झुलस रहा है, वहीं दक्षिणी राज्य केरल में भारी बारिश ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। ये अलर्ट 6 से 20 सेंटीमीटर तक की भारी वर्षा की संभावना को दर्शाते हैं। इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलपुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम में गरज के साथ मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने का पूर्वानुमान है।

उत्तर-पश्चिमी भारत में लू की चपेट में

आने वाले छह दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। जिन क्षेत्रों को सबसे अधिक प्रभावित होने की चेतावनी दी गई है, उनमें दिल्ली, दक्षिणी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्यप्रदेश शामिल हैं। तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि का अनुमान है, जिससे मौसम और अधिक गर्म और असहनीय हो जाएगा। यह स्थिति खासकर 6 से 10 अप्रैल के बीच चरम पर रह सकती है।

इन राज्यों में सबसे अधिक दिन तक पड़ सकती है लू

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल से जून के बीच सामान्य से अधिक तापमान रहने का पूर्वानुमान है। जिन राज्यों में सबसे अधिक लू के दिन रह सकते हैं उनमें राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र और तमिलनाडु शामिल हैं। खास तौर पर यूपी (पूर्वी क्षेत्र), झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों में 10 से 11 दिन तक लू का प्रभाव बना रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

सोर्स मौसम विभाग 

👉 यहाँ देखें फसलों की तेजी मंदी रिपोर्ट

👉 यहाँ देखें आज के ताजा मंडी भाव

👉 बासमती के बाजार में क्या है हलचल यहाँ देखें

About the Author
मैं लवकेश कौशिक, भारतीय नौसेना से रिटायर्ड एक नौसैनिक, Mandi Market प्लेटफार्म का संस्थापक हूँ। मैं मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले का निवासी हूँ। मंडी मार्केट( Mandibhavtoday.net) को मूल रूप से पाठकों  को ज्वलंत मुद्दों को ठीक से समझाने और मार्केट और इसके ट्रेंड की जानकारी देने के लिए बनाया गया है। पोर्टल पर दी गई जानकारी सार्वजनिक स्रोतों से प्राप्त की गई है।