Movie prime

बासमती किसानों के लिए जरूरी रिपोर्ट | अगर बासमती धान रखा हुआ है तो यह रिपोर्ट जरूर देख लें

बासमती का रेट
WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

किसान साथियो होली के बाद से बासमती के बाजार में गर्माहट देखने को मिल रही है। रमजान के महीने के लिए मुस्लिम देशों से बासमती में मांग बनी हुई है। बासमती 1121 स्टीम चावल का भाव 9000 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 9600 रुपये तक बोला जाने लगा है। 1509 स्टीम भी 9000 से उठकर 9350 तक चला गया है। 1401 स्टीम चावल एक मार्च को 8950 बिकने के बाद अब 9400 तक पहुंच चुका है। लेकिन साथियो बासमती में पिछले 2 दिन से ठहराव की स्थिति बनी हुई है। अब आने वाले नए सप्ताह से रमजान शुरू हो रहा है इसलिए मुस्लिम देशों में हर तरह का व्यापार ठहर जाएगा। भारतीय बासमती चावल की मांग भी मुस्लिम देशों में ही सबसे ज्यादा होती है। इसलिए जिन किसान साथियो ने अभी तक धान को स्टॉक करके रखा हुआ है उन्हें थोड़ा सा सावधान होने की जरूरत है।

गल फ़ूड मेले में भारतीय बासमती को बहुत ज्यादा तो नहीं लेकिन ठीक ठाक ऑर्डर मिले हैं। इसीलिए भाव थोड़े से सम्भले हैं। ऑर्डर की डिलिवरी की तैयारियां चल रही हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मंडियों में धान की आवक लगभग समाप्त होने तथा मिलर्स द्वारा कम भाव पर चावल बिकवाली न करने से बहुत ज्यादा गिरावट की गुंजाइश तो नहीं है लेकिन रमजान का महीना होने के कारण अगले एक माह तक अब किसी बड़े निर्यात आर्डर आने की संभावना भी नहीं है। इसलिए बाजार में इस दौरान 100-200 रुपये प्रति क्विंटल के उतार चढ़ाव के बीच बना रह सकता है।

यूरोपीयन देशों के साथ साथ ज्यादातर बासमती आयातक देशों भारत से अपनी मांग के अनुसार खरीद कर लिया है, लेकिन ईरान और सऊदी अरब से अभी भी मांग निकलने की संभावना बनी हुई है। इसलिए बाजार के जानकारों का मानना है कि धान की कमी और घटे भाव पर मिलर्स द्वारा बिकवाली न करने से बाजार मजबूत बना रहेगा हालांकि इस की गारंटी नहीं दी जा सकती। जानकारों के अनुसार यहां से आगे अब बासमती चावल में तेजी अर्थात यहां से 200-400 रु भाव बढ़ने की संभावना तभी होगी जब नए निर्यात आर्डर निकल कर आएं। अन्यथा यही भाव 200-300 नीचे भी जा सकता है।

इस सीज़न में धान की आवक बहुत जल्दी सिमट गई है। भाव अच्छे मिलने के कारण ज्यादातर किसानो ने अपना धान बेच दिया है। इसलिए अगर आगे चलकर बड़ा ऑर्डर मिलता है तो धान की सप्लाई मिलने की संभावना कम रहेगी। हरियाणा पंजाब में धान न के बराबर है। इक्का दुक्का मंडियों में मामूली आवक है। जबकि मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश और राजस्थान की कुछ मंडियों में थोड़े बहुत धान की आवक हो रही है।
मंडी भाव टुडे ने नरेला मंडी(दिल्ली) स्थित एक आढ़ती से बात की तो उन्होंने बताया कि वे 1718 धान को 4600 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ले सकते हैं इसके उपर गुंजाईश नहीं है। हालांकि शुक्रवार को सिरसा में 1401 धान 4857 रु और 1718 का भाव 4200 के लगभग बोला गया। बासमती 1121 स्टीम चावल हरियाणा पंजाब में 9250 तथा दिल्ली में 9400 रु के स्तर पर कारोबार हो रहा है।
सऊदी अरब के लिए 1121 स्टीम का व्यापार 1325 डालर प्रति मीट्रिक टन होने की जानकारी मिली है। ब्लेंडिंग चावल का भाव लगभग 1300 डालर प्रति मीट्रिक टन तक होने के समाचार है। कुल मिलाकर बासमती बाजार में अब अत्यधिक सावधानी की जरूरत है। बढ़े भाव पर स्टाक हल्का करने में ज्यादा समझदारी है। बाकी व्यापार अपने विवेक से करें।